भोजपुर: गंगा का पानी घटा तो सामने आयी गंदगी, बाढ़ प्रभावित गांवों में दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप

बड़हरा प्रखंड में गंगा का जलस्तर घटने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन बाढ़ प्रभावित गांवों में अब गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है.

Flood Relief: बड़हरा प्रखंड क्षेत्र में गंगा का जलस्तर घटने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है. मंगलवार शाम छह बजे नदी का जलस्तर 53.32 मीटर दर्ज किया गया, जो सुबह के मुकाबले करीब 10 सेंटीमीटर कम है. हालांकि, नदी अब भी खतरे के निशान से करीब 24 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है.

जलस्तर घटने के बावजूद बाढ़ प्रभावित इलाकों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. कई गांवों और ग्रामीण सड़कों के किनारे गाद, कचरा और घास-पात जमा है. पानी घटने के बाद गंदगी सड़ने से दुर्गंध फैल रही है. वहीं, जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों के फैलने की चिंता सता रही है.

राहत सूची में नाम जोड़ने की मांग

नेकनामटोला, खवासपुर, सेमरियां-पड़रिया समेत विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण राहत सूची में नाम जुड़वाने के लिए अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि संपूर्ति पोर्टल पर उपलब्ध सूची में कई प्रभावित परिवारों के नाम नहीं हैं. उन्होंने पात्र परिवारों का सत्यापन कर सूची में नाम जोड़ने की मांग की है.

एक सामुदायिक रसोई, तीन नावें चल रहीं

बाढ़ का पानी घटने के बाद अधिकांश सामुदायिक रसोई बंद कर दी गयी है. पिपरपांती के विस्थापितों के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलुआ में एक सामुदायिक रसोई अब भी संचालित है. वहीं, नेकनामटोला में दो और खवासपुर में एक नाव का परिचालन जारी है.

प्रभावित क्षेत्रों में कराया जा रहा सत्यापन

अंचलाधिकारी अंशू प्रसून ने बताया कि पात्र परिवारों का सत्यापन कर राहत सूची में नाम जोड़ने के लिए सभी राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया गया है. प्रभावित क्षेत्रों में जाकर सत्यापन कराया जा रहा है. जरूरत के अनुसार नावों का परिचालन भी कराया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >