आरा: रिटायर बैंक कर्मी के घर लाखों की चोरी का खुलासा, 5 गिरफ्तार; सोना-चांदी के जेवर और ₹5.24 लाख बरामद

आरा के मीरगंज में रिटायर बैंक कर्मी के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेवर और नगदी बरामद की है।

Bhojpur News : नगर थाना क्षेत्र के मीरगंज पानी टंकी मोहल्ले में रिटायर बैंक कर्मी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज छह दिनों में खुलासा कर दिया है. इस मामले में चोरी करने वाले, चोरी के आभूषण खरीदने और उन्हें छिपाने वाले समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के जेवर बेचने से मिले 5.24 लाख रुपये नकद और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

पांच आरोपित गिरफ्तार, दो-तीन अन्य की तलाश

सदर एसडीपीओ राज कुमार साह ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में खेतारी मोहल्ला निवासी मो. आसिफ उर्फ बउआ, इस्लाम नगर निवासी मो. सैफ अली उर्फ नेता, कसाब टोला निवासी मो. शहबाज आलम उर्फ बड़े, उसका भाई मो. बबलू उर्फ छोटे तथा रामगढ़िया मीठा कुआं निवासी आदर्श कुमार उर्फ आदर्श सोनी शामिल हैं. इनमें आसिफ, सैफ और शहबाज चोरी की घटना में शामिल थे, जबकि आदर्श सोनी पर चोरी के जेवर खरीदने और बबलू पर उन्हें छिपाने का आरोप है. पुलिस गिरोह के दो-तीन अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पुलिस तक पहुंचा गिरोह

एसडीपीओ ने बताया कि 28-29 जुलाई की रात हुई चोरी के बाद नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया. उनके पास से 5 लाख 24 हजार रुपये बरामद किए गए, जो चोरी के आभूषण बेचने से मिले थे. बाद में उनकी निशानदेही पर आदर्श सोनी और बबलू को गिरफ्तार किया गया.

सोने-चांदी के बड़ी मात्रा में जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से 13 पीस सोने के बिस्कुट के टुकड़े, दो सोने की चेन, दो झुमके, पांच अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, दो नोज पीस, एक ब्रेसलेट, एक मांगटीका तथा चांदी की चेन, 11 पायल, नौ बिछिया और अन्य आभूषण बरामद किए हैं. पुलिस ने सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

सुबह और देर रात करते थे रेकी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य सुबह और रात करीब 10 बजे विभिन्न मोहल्लों में रेकी करते थे. बंद घरों की पहचान करने के बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपितों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.

360 ग्राम सोना और 700 ग्राम चांदी हुई थी चोरी

गौरतलब है कि रिटायर बैंक कर्मी सुमन कुमार सिन्हा 26 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ रांची गए थे. घर की देखरेख के लिए उन्होंने चाबी बबीता देवी को सौंपी थी. इसी दौरान 28-29 जुलाई की रात चोरों ने घर में घुसकर करीब 360 ग्राम सोने और 700 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे. इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में घर की देखरेख करने वाली महिला और उसके पति पर भी संदेह जताया गया था. पुलिस ने दोनों को भी पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया था. अब मुख्य चोरी गिरोह का खुलासा होने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >