भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र स्थित पचैना गांव में सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह हटा दिया. यह कड़ी कार्रवाई पटना हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के आलोक में अंचल प्रशासन की ओर से की गई.
अंचलाधिकारी (सीओ) के कुशल नेतृत्व में राजस्व कर्मियों, पुलिस बल एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में जेसीबी मशीन लगाकर सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
कार्रवाई के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध का तत्काल सामना किया जा सके. प्रशासन की मुस्तैदी और सख्ती के आगे अतिक्रमणकारियों की एक न चली और सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त करा लिया गया.
भविष्य में कब्जा करने पर मिलेगी कठोर चेतावनी
अंचल प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. माननीय हाईकोर्ट के निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है.
साथ ही ग्रामीणों व स्थानीय लोगों को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में पुनः किसी के द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस बल, अंचल कार्यालय के कर्मी तथा कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा न करें और कानून का पालन करें.
Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय
