आरा: स्कूलों में चलेगा चुनाव जागरूकता अभियान, निर्वाचन साक्षरता क्लबों को DM का निर्देश

आगामी चुनावों को लेकर भोजपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्कूलों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया है।

Arrah News : आगामी निर्वाचन को लेकर भोजपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज किया जाएगा. जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से स्कूलों में चुनाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया है.

जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, आरा सदर, पीरो और जगदीशपुर के अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित कराई जाएं.

संविधान से लेकर मतदान तक दी जाएगी जानकारी

अभियान के तहत भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, मतदाता सूची तैयार करने एवं उसके अद्यतन की प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

क्विज, वाद-विवाद और मॉक पोल भी होंगे

निर्वाचन साक्षरता अभियान के दौरान क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता, छद्म (मॉक) मतदान, मतदाता पंजीकरण प्रतियोगिता तथा नैतिक एवं जागरूक मतदान को बढ़ावा देने वाली अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी. इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी.

फोटो-वीडियो के साथ होगी मॉनिटरिंग

निर्देश के अनुसार सभी गतिविधियों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय ने जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को इन कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Narendra Prasad Sin

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >