Bhojpur News : भोजपुर के बड़हरा प्रखंड में बिहार सरकार के 'सबका सम्मान-जीवन आसान' निश्चय अभियान के तहत बुधवार को दो पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कुल 104 आवेदन प्राप्त किए. सबसे अधिक आवेदन नल-जल योजना और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों के रहे.
दो पंचायतों में लगे सहयोग शिविर
उत्क्रमित मध्य विद्यालय, एकौना गंज में आयोजित शिविर में 53 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पंचायत सरकार भवन, सेमरिया पंडरिया में आयोजित शिविर में 51 आवेदन जमा किए गए. सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर शिविर में पहुंचे.
राजस्व और नल-जल से जुड़े मामले रहे प्रमुख
शिविर में राजस्व, नल-जल, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. लोगों ने भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेयजल, पेंशन, शिक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के आवेदन संबंधित अधिकारियों को सौंपे.
समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा
विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने का भरोसा दिया. अधिकारियों ने कहा कि सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर राहत देने की पहल
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और स्थानीय स्तर पर समाधान उपलब्ध कराना है. इससे सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान होगी और आम लोगों को समय पर राहत मिल सकेगी.
