Arrah News : आरा-पटना फोरलेन पर शहर के टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की दोपहर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई. इस भीषण हादसे में कांग्रेस नेता समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंची टाउन थाना पेट्रोलिंग पुलिस द्वारा दोनों घायलों को त्वरित इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया. हादसे की सूचना मिलते ही जख्मियों के परिजन भी आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे.
विपरीत दिशा से आ रही बाइकों में हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, जख्मियों में टाउन थाना क्षेत्र के बड़ी मठिया मोहल्ला निवासी टेंगारी राम का 40 वर्षीय पुत्र संजय कुमार एवं कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडींहा गांव निवासी स्व. रामकुमार सिंह के 56 वर्षीय पुत्र सह कांग्रेस नेता ओम प्रकाश सिंह शामिल हैं. घटना के संबंध में बताया जाता है कि ओम प्रकाश सिंह अपनी बाइक द्वारा आरा से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान संजय कुमार कायमनगर से बाइक द्वारा आरा की ओर आ रहा था.
हादसे में युवक के सिर में आई गंभीर चोट
इसी क्रम में धनुपरा पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों में आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. टाउन थाना पेट्रोलिंग पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. इस सड़क हादसे में जख्मी संजय कुमार के सिर में काफी गंभीर चोटें आई हैं, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज किया जा रहा है.
Also Read : आरा: ऑटो और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; पांच लोग घायल
