Arrah Water Supply Affected: गायत्री मंदिर के पास मौला बाग में पानी आपूर्ति की पाइप फट गई है. इसके कारण विगत तीन दिनों से सड़क पर पानी बह रहा है, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं करायी गयी है. संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद
पानी आपूर्ति की पाइप फटने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है. इससे पानी संरक्षण के उद्देश्य को भी झटका लग रहा है. सरकार की ओर से पानी बचाने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर लगातार जोर दिया जाता है, लेकिन पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से सड़क पर पानी बह रहा है.
कई मोहल्लों की जलापूर्ति प्रभावित
अनावश्यक पानी की बर्बादी से कई मोहल्ले प्रभावित हो रहे हैं. मौला बाग, कृष्णा नगर, पुरानी पुलिस लाइन, न्याय नगर सहित कई मोहल्लों पर इसका असर पड़ रहा है. पाइप फटने के कारण पानी का प्रेशर काफी कम हो गया है, जिससे कई लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इसके कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित
पानी की पाइपलाइन फटने और लगातार पानी बर्बाद होने से लगभग 10 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से पाइपलाइन को ठीक कराने की दिशा में अब तक प्रभावी पहल नहीं की गयी है. स्थानीय लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है.
व्यस्त सड़क पर जलजमाव से परेशानी
जिस सड़क पर पानी बह रहा है, वह काफी व्यस्त है. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के अलावा बक्सर की तरफ से आने-जाने वाले वाहन भी इसी सड़क से गुजरते हैं. बड़ी संख्या में पैदल यात्री भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में सड़क पर लगातार पानी बहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है.
पानी के बहाव से सड़क भी हो रही क्षतिग्रस्त
लगातार पानी के बहाव के कारण सड़क पर पानी पसरा हुआ है. इससे सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गयी है. सड़क खराब होने पर उसकी मरम्मत में सरकारी राशि खर्च होगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत कर दी जाती तो पानी की बर्बादी रोकने के साथ सड़क को भी नुकसान से बचाया जा सकता था.
