भोजपुर: 121वें स्थापना दिवस पर बैंक ऑफ इंडिया का जागरूकता कार्यक्रम, लोगों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

बैंक ऑफ इंडिया ने अपने 121वें स्थापना दिवस पर ग्रामीणों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. इसका मुख्य उद्देश्य उन्हें बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट के दुरुपयोग से बचाना था. बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण सुरक्षा टिप्स दिए.

BOI Cyber Security: बैंक ऑफ इंडिया की जगदीशपुर शाखा की ओर से बैंक के 121वें स्थापना दिवस के अवसर पर चरबानी गांव में विशेष ग्राम सभा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट के दुरुपयोग से बचाव के प्रति जागरूक करना था.

कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया, पटना जोन के विजिलेंस ऑफिसर दीपक कुमार गुप्ता और बैंक ऑफ इंडिया जगदीशपुर शाखा के शाखा प्रबंधक सुशील कुमार मिश्रा मौजूद रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी.

ओटीपी और बैंकिंग गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह

विजिलेंस ऑफिसर दीपक कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों को आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/पिन, सीवीवी, यूपीआइ पिन, बैंकिंग पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करें.

उन्होंने फर्जी कॉल, एसएमएस, ई-मेल, सोशल मीडिया लिंक, फर्जी केवाइसी अपडेट और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि बैंक या कोई अधिकृत संस्था फोन पर ग्राहकों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती.

म्यूल अकाउंट के दुरुपयोग से भी कराया अवगत

विजिलेंस ऑफिसर ने म्यूल अकाउंट के संबंध में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि किसी अन्य व्यक्ति को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल पैसे प्राप्त करने या आगे ट्रांसफर करने के लिए देना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है. ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध और अवैध लेन-देन में किया जा सकता है.

उन्होंने ग्रामीणों से अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, यूपीआइ और मोबाइल बैंकिंग की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराने की अपील की. संदिग्ध लेन-देन होने पर तत्काल बैंक को सूचित करने की सलाह भी दी गयी.

सुरक्षित तरीके से डिजिटल बैंकिंग के इस्तेमाल पर जोर

शाखा प्रबंधक सुशील कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों से डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित और सतर्कता के साथ इस्तेमाल करने का आग्रह किया. उन्होंने बैंक की ओर से उपलब्ध करायी जा रही विभिन्न बैंकिंग सेवाओं और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी.

ग्रामीणों ने पूछे साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे. अधिकारियों ने ग्रामीणों के सवालों का समाधान करते हुए सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के बारे में जानकारी दी.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने साइबर अपराध के प्रति सजग रहने और अपने बैंक खातों का सुरक्षित उपयोग करने का संकल्प लिया. बैंक ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा और सतर्क बैंकिंग व्यवहार को बढ़ावा देने की दिशा में पहल रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >