राजनीतिक विवाद में चली गोली, युवक घायल; पुलिस ने 9 को किया गिरफ्तार

Bihar Crime News: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में पूर्व के राजनीतिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई. गोली लगने से एक युवक घायल हो गया. मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Bihar Crime News: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में शनिवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. बताया जा रहा है कि गांव के वर्तमान मुखिया और पूर्व मुखिया के बीच लंबे समय से राजनीतिक विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने शनिवार शाम हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया.

गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल

फायरिंग के दौरान सरोज यादव के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक रासबिहारी यादव का पुत्र बताया जाता है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहिया में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा भी बरामद किया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.

प्राथमिकी में 17 लोग नामजद

घटना को लेकर घायल युवक की ओर से बिहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. दर्ज प्राथमिकी में पूर्व मुखिया समेत 17 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू कर दी. पुलिस ने एक पक्ष के 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार लोगों में रामजतन यादव, अजीत कुमार, राम भुखन यादव, सुरेन्द्र यादव, कन्हैया कुमार, श्रवण कुमार, कृपाशंकर यादव, मोतीलाल यादव और राजेन्द्र यादव शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपितों को भेजा गया जेल

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में लंबे समय से राजनीतिक तनाव बना हुआ था, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Also Read:रोहतास में एनएच-120 पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर; चालक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >