Bihar Band In Arrah : आरा में बिहार बंद को लेकर भोजपुर जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. हालांकि बंद का असर अब तक जिले में देखने को नहीं मिल रहा है. आम दिनों की तरह ही वाहनों का परिचालन जारी है और सभी सरकारी एवं निजी संस्थान सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं.
बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शनकारी भी समूह बनाकर सड़कों पर उतरे हैं और दुकानों को बंद कराने का प्रयास कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
Arrah News : शहर में सामान्य रहा जनजीवन
बंद के बावजूद आरा शहर में जनजीवन सामान्य नजर आया. बाजारों में दुकानें खुली रहीं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी रही. प्रशासनिक कार्यालय, बैंक, विद्यालय और सिविल कोर्ट समेत अन्य संस्थानों में भी सामान्य रूप से कामकाज हुआ.
सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी दिखाई दी. हालांकि प्रदर्शनकारियों के सड़कों पर उतरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
बिहार बंद को देखते हुए आरा रेलवे स्टेशन सहित जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है. रेलवे परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
प्रशासन का उद्देश्य है कि बंद के दौरान रेल परिचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आए और यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े. पुलिस जवान लगातार स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं.
समाहरणालय में भी पुलिस बल तैनात
बंद के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आरा समाहरणालय में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. समाहरणालय परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है.
वहीं, जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक राज के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्ती की जा रही है. अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है और पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.
