Bihar Love Story:(अनिल कुमार राय की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव में बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी टूटने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद युवक आत्महत्या करने की बात करनेव लगा. करीब तीन से चार घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा.
पिछले साल तय हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, गुलजारपुर गांव निवासी गणेश पासवान का 22 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार हैदराबाद में काम करता था. उसकी शादी पिछले वर्ष उदवंतनगर थाना क्षेत्र के रामपुर मिल्की गांव निवासी राकेश पासवान की बेटी से तय हुई थी. दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से इस वर्ष शादी करने की बात कही थी. शादी तय होने के बाद युवक अपनी होने वाली पत्नी से लगातार संपर्क में था. परिवार वालों के अनुसार मंटू कुमार ने हैदराबाद में कमाई गई अपनी अधिकांश रकम भी लड़की पर खर्च कर दी थी.
लड़की पक्ष ने शादी से किया इनकार
इधर कुछ दिनों से लड़की पक्ष घर की स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहकर शादी से इनकार करने लगा. बुधवार सुबह युवक की फोन पर लड़की से बात हो रही थी. इसी दौरान लड़की के भाई ने कथित रूप से युवक के साथ गाली-गलौज कर दी. इससे नाराज होकर मंटू कुमार घर से निकल गया और गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया.
आत्महत्या की दी सूचना
टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद 112 नंबर पर फोन कर आत्महत्या करने की बात कही. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने समझाकर उतारा नीचे
सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की. पुलिस और ग्रामीणों ने उसे भरोसा दिलाया कि मामले को बातचीत से सुलझाया जाएगा. काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ.
कुछ देर के लिए पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद कुछ समय के लिए अपने कब्जे में रखा. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस पहुंच गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा होती रही.
