Bhojpur Murder News : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव में जमीन विवाद ने बुधवार सुबह खूनी रूप ले लिया. पुराने विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद 34 वर्षीय युवक विक्रांत सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
जमीन विवाद ने ली युवक की जान
जानकारी अनुसार मृतक गांव निवासी वीरेंद्र सिंह का पुत्र था. घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
कई महीनों से चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विक्रांत सिंह का गांव के कुछ लोगों के साथ पिछले कई महीनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. बुधवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और फिर विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष ने विक्रांत सिंह पर चाकू से कई वार कर दिए.
सिर और शरीर पर किए गए कई वार
हमले में विक्रांत सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हमलावरों ने बेहद करीब से चाकू से हमला किया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले.
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घायल विक्रांत सिंह को इलाज के लिए सहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है.
Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर: 17 जुलाई को दिल्ली के जंतर मंतर पर होगा धरना, मां ने कहा- पीएम मोदी तक पहुंचाएंगे आवाज
