भोजपुर से नारायण त्रिपाठी की रिपोर्ट
Bhojpur Road Accident : भोजपुर जिले के बिहटा-बिहिया स्टेट हाईवे पर सोमवार को सिकरहटा खुर्द गांव के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भाकपा माले के नेतृत्व में सड़क जाम कर मुआवजे और गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
घर बनवा रहे युवक और बैंक से लौट रहे शिक्षक बने हादसे का शिकार
मृतकों की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरहटा खुर्द गांव निवासी 32 वर्षीय जाबिर हुसैन और 70 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रमजान अली उर्फ रमजान मास्टर के रूप में हुई है. बताया जाता है कि जाबिर हुसैन सड़क किनारे अपना मकान बनवा रहे थे और वहीं बैठे थे. वहीं रमजान अली नोनाडीह बैंक से पैसे निकालकर साइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मोपती की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा सड़क के दाहिने हिस्से में चली गई और दोनों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद वाहन सड़क किनारे पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.
सड़क जाम कर मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल के समीप स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा.
अधिकारियों ने समझाकर खुलवाया जाम
घटना की सूचना पर अंचलाधिकारी सुमित कुमार यादव, पीरो इंस्पेक्टर और सिकरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया. इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.
भाकपा माले ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
मौके पर पहुंचे भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य एवं प्रखंड सचिव उपेंद्र भारती, कृष्णा प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र राम, जनेश्वर सिंह और दीपक कुमार ने अधिकारियों से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर बालू लदे ट्रैक्टर और ट्रक तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की.
इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
