भोजपुर के चरपोखरी नहर से झारखंड की युवती का शव बरामद, आधार कार्ड से हुई मृतका की पहचान

Bhojpur Murder Suspicion : भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र में नहर से युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई. आधार कार्ड से मृतका की पहचान झारखंड निवासी अंजू कुमारी के रूप में हुई है. शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है. पुलिस हत्या की आशंका में जांच कर रही है.

Bhojpur Murder Suspicion : भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब काउप पंचायत के पड़रिया गांव स्थित आहर से एक युवती का शव बरामद किया गया. सोमवार को मिले इस शव को देखकर इलाके के लोग दहशत में आ गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव को किसी चीज से ढककर छुपाने की कोशिश की गई थी, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. इसके बाद तुरंत चरपोखरी थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी.

आधार कार्ड से हुई पहचान

चरपोखरी थाना प्रभारी रविशंकर कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान उसके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई है. युवती का नाम अंजू कुमारी बताया गया है, जो गुलाबी मंडल की पुत्री है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंजू कुमारी कब और किन परिस्थितियों में इस इलाके में आई थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह यहां किसके संपर्क में थी.

Arrah News : दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव

थाना प्रभारी के मुताबिक, शव की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह करीब दो से तीन दिन पुराना है. शव काफी हद तक सड़ चुका था और चेहरा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था. हालांकि आधार कार्ड मिलने से पुलिस को बड़ी राहत मिली.

हत्या की आशंका, कई पहलुओं पर जांच

शव को जिस तरह से ढककर छुपाने की कोशिश की गई थी, उससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास के सुराग भी खंगाले जा रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन छानबीन में जुटी हुई है.

चरपोखरी के पड़रिया में युवती का इस तरह संदिग्ध हालत में शव मिलना कई सवाल खड़े करता है. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इस मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और अगर यह हत्या है, तो दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. इलाके के लोग भी इस घटना से सहमे हुए हैं और जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.

Also Read : भरत तिवारी के ब्रह्मभोज की तैयारी शुरू, 25 हजार लोगों के भोजन का इंतजाम, सैंड आर्ट से दी गई भावुक श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh kr

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >