भरत तिवारी केस में STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार, माता-पिता बोले ने कहा अब मिलेगी इंसाफ

भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में आरोपी एसटीएफ जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार। मृतक की मां आशा देवी ने सरकार पर जताया भरोसा और दोषियों को फांसी की मांग की।

Bharat Tiwari Encounter : भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब जांच ने रफ्तार पकड़ ली है. इस हाई प्रोफाइल केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर भरत तिवारी को गोली मारने का सीधा आरोप है. इस गिरफ्तारी के बाद जहां एक ओर परिजनों को राहत मिली है, वहीं पूरे मामले में अब और बड़े खुलासों की उम्मीद भी बढ़ गई है.

यह मामला पहले से ही सवालों के घेरे में था और लगातार निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही थी. अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है.

मां ने जताया भरोसा, लेकिन बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग

गिरफ्तारी के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार की गिरफ्तारी से उन्हें थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी न्याय अधूरा है.

आशा देवी ने साफ शब्दों में कहा कि इस पूरे मामले में कई और लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है. उन्होंने मांग की कि इस साजिश में शामिल सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि दोषियों को फांसी तक की सजा मिलनी चाहिए, तभी उनके बेटे को सच्चा न्याय मिलेगा.

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सरकार की कार्रवाई पर भरोसा है और उम्मीद है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ेगी.

पिता ने जताया संतोष, मुख्यमंत्री के वादे पर भरोसा

वहीं, मृतक भरत तिवारी के पिता काशी तिवारी ने भी इस कार्रवाई पर संतोष जताया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो आश्वासन दिया था, उस पर सरकार काम करती दिख रही है.

काशी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. अब पहली गिरफ्तारी के बाद उनका भरोसा और मजबूत हुआ है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा.

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का हर कदम अब न्याय की दिशा में नजर आ रहा है और आने वाले समय में बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई होगी.

प्राथमिकी के बाद तेज हुई जांच

बताया जा रहा है कि मृतक की मां द्वारा अक्षय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद से ही पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था. इसी के बाद जांच में तेजी लाई गई और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया.

सूत्रों के मुताबिक, अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस पूरे मामले की परतें खुल सकती हैं.

आगे और बढ़ सकती है कार्रवाई

इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब बाकी हैं. परिजनों का आरोप है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का काम नहीं था, बल्कि इसके पीछे पूरी साजिश हो सकती है.

ऐसे में अब जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे और किसके आदेश पर यह कार्रवाई की गई.

फिलहाल, अक्षय कुमार की गिरफ्तारी को इस केस का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और मामला और भी गहराई से खुल सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh kr

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >