मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ योजना पर सवाल, भोजपुर में बनने के एक सप्ताह में ही उखड़ी सड़क; ग्रामीणों ने जताया विरोध

Arrah News: भोजपुर में मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत बनी सड़क निर्माण के महज एक सप्ताह बाद ही उखड़ने लगी. करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

Arrah News:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह) भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड में सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है. मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत बनी सड़क निर्माण के महज एक सप्ताह बाद ही उखड़ने लगी है. इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई, जिसके कारण नई सड़क भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है.

पड़रिया मोड़ से पथार गांव तक बनी है सड़क

जानकारी के अनुसार, यह सड़क गड़हनी प्रखंड के पड़रिया मोड़ से पथार गांव तक बनाई गई है. सड़क की कुल लंबाई 1.46 किलोमीटर है. इस परियोजना का कार्य मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत कराया गया है. निर्माण कार्य की शुरुआत 18 मार्च 2024 को हुई थी, जबकि इसे 19 मार्च 2025 तक पूरा किया जाना था. हालांकि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के कई महीने बाद सड़क का निर्माण पूरा किया गया. इस सड़क का निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल जगदीशपुर के कार्यपालक अभियंता की देखरेख में कराया गया.

30 लाख से अधिक की लागत से बना सड़क मार्ग

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण पर लगभग 30.06 लाख रुपये खर्च किए गए हैं. इसके अलावा अगले पांच वर्षों तक सड़क के रखरखाव के लिए 13.20 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी निर्धारित की गई है. इसके बावजूद सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है और जगह-जगह से सड़क उखड़ने लगी है.

सड़क बनने के एक सप्ताह बाद ही उखड़ी परत

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के महज एक सप्ताह बाद ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी. कई जगहों पर गिट्टी बाहर निकल आई है और सड़क टूटने लगी है. लोगों का कहना है कि पहले की सड़क की स्थिति इससे बेहतर थी, लेकिन नई सड़क बनने के बाद आवागमन और अधिक कठिन हो गया है.

जांच नहीं होने से लोगों में नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के बावजूद अब तक किसी अधिकारी ने मौके का निरीक्षण नहीं किया और न ही निर्माण गुणवत्ता की जांच कराई गई है.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सरकारी राशि की खुली लूट पर रोक लगाना मुश्किल हो जाएगा.

रखरखाव राशि के उपयोग पर भी सवाल

सड़क निर्माण के साथ रखरखाव के लिए अलग से राशि निर्धारित होने के बावजूद सड़क की ऐसी स्थिति ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

Also Read:कैमूर में बिजली विभाग की कार्रवाई, अभियान के तहत तीन पर केस दर्ज; अवैध कनेक्शन काटे गए

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >