Arrah Road Accident : भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां आरा-बक्सर फोरलेन (NH-922) पर अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी. इस भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई
हादसे में जान गंवाने वालों में झारखंड के देवघर निवासी इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27) और सारण जिले के सौरव कुमार (26) शामिल हैं. वहीं सौरव कुमार का छोटा भाई कुमार गौरव (24) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
Arrah News : घूमकर लौट रहे थे, रास्ते में काल बन गया हादसा
जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार सिंह अपनी पत्नी, रिश्तेदारों के साथ करीब 15 दिनों से घूमने निकले थे. इस दौरान वे नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, नोएडा, कुल्लू-मनाली और लद्दाख की यात्रा कर वापस झारखंड लौट रहे थे. इसी दौरान बिहिया के अमराई नवादा के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया.
बताया जाता है कि प्रकाश कुमार सिंह की शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था. परिवार उनके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन अचानक आई इस दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Accident Death : मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है.
Bhojpur Accident News : पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
गौरतलब है कि इसी आरा-बक्सर फोरलेन पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं. बीते 22 अगस्त 2024 को गजराजगंज ओपी क्षेत्र में एक कार के डिवाइडर से टकराने पर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी. इस तरह की घटनाएं लगातार सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं.
लगातार हो रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों और सतर्कता की बेहद जरूरत है. एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : आरा में शिक्षा विभाग का विदाई सह सम्मान समारोह: स्थानांतरित अधिकारियों को दी गई विदाई, नए का हुआ स्वागत
