आरा में बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, 1 की मौके पर ही मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

Arrah News:आरा के टाउन थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर सपना सिनेमा मोड़ के पास सोमवार सुबह एक बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया. इस हादसे में संजोयल गांव निवासी चालक चंदेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त सुमित कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पटना रेफर किया गया है. घटना से गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर 3 घंटे तक सड़क जाम रखी. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर शव का पोस्टमार्टम कराया है.

Arrah News(मिथलेश कुमार): शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास रोड स्थित सपना सिनेमा मोड़ सूर्य मंदिर के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को बुरी तरह रौंद दिया. इस भीषण हादसे में एक दोस्त की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे स्कॉर्पियो चालक को मौके पर ही दबोच लिया. वहीं, हादसे से नाराज लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर उग्र प्रदर्शन किया.

ट्रांसपोर्ट जाने के दौरान काल बनी स्कॉर्पियो, चालक दबोचा गया

मृतक की पहचान सिन्हा थाना क्षेत्र के संजोयल गांव निवासी चंदेश्वर सिंह उर्फ करीमन सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाते थे. वहीं, घायल दोस्त की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के वीडियो ब्लॉक रोड निवासी स्व. बिहारी पांडेय के 50 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार पांडेय के रूप में की गई है.

परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह चंदेश्वर सिंह अपने दोस्त सुमित कुमार पांडेय के साथ बाइक पर सवार होकर वीडियो ब्लॉक रोड से बाईपास रोड स्थित ट्रांसपोर्ट की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान सपना सिनेमा मोड़ सूर्य मंदिर के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चंदेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित कुमार पांडेय लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे स्कॉर्पियो चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

सदर अस्पताल से पटना रेफर हुआ दोस्त, परिजनों ने 3 घंटे तक किया रोड जाम

हादसे के बाद घायल सुमित कुमार पांडेय को तुरंत आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है.

उधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग और आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई को लेकर सपना सिनेमा मोड़ सूर्य मंदिर के समीप शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और शहर का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। भीषण गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी.

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना और ट्रैफिक थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को उचित मुआवजे और कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर समझा-बुझाकर करीब तीन घंटे बाद जाम हटवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया.

मृतक की बेटी मेरठ में है आर्मी जवान, परिवार में मचा कोहराम

चंदेश्वर सिंह अपने चार भाइयों और चार बहनों में दूसरे स्थान पर थे और अपने परिवार के मुख्य आधार थे. उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही घर में हाहाकार मच गया है. मृतक के परिवार में उनकी पत्नी आरती देवी, एक पुत्र बमबम सिंह और एक पुत्री रागिनी कुमारी है.

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की बेटी रागिनी कुमारी भारतीय सेना में है और वर्तमान में मेरठ में देश की सेवा में कार्यरत है. घटना के बाद से पत्नी आरती देवी और पूरे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे संजोयल गांव में इस दुखद घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

Also Read: बेलागंज में किशोर शांतनु हत्याकांड: कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >