Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह) केंद्र और राज्य सरकार जहां घरेलू रसोई गैस के सुरक्षित एवं सुविधाजनक विकल्प के रूप में पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा दे रही हैं, वहीं आरा नगर में इसके विपरीत स्थिति देखने को मिल रही है. पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ता महीनों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार आवेदन और संपर्क के बावजूद कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बेहद धीमी बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं में निराशा बढ़ रही है.
मोहल्लों में पाइपलाइन बिछी फिर भी कनेक्शन नहीं
जानकारी के अनुसार, आरा नगर क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन के लिए अभी 867 के करीब आवेदन पेंडिंग हैं. इनमें बड़ी संख्या उन उपभोक्ताओं की भी है, जिनके मोहल्लों में पहले से पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और कई घरों में वर्षों से गैस आपूर्ति भी हो रही है. इसके बावजूद नए आवेदकों को कनेक्शन नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई ऐसे घर हैं, जिनके दरवाजे तक पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है, लेकिन उन्हें कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. इससे लोगों को मजबूरन एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो घरेलू जरूरतों को पूरा करना और कठिन हो जाएगा.
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप
पीएनजी कनेक्शन में देरी के बीच एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जबकि खुले बाजार में अधिक कीमत देकर आसानी से सिलेंडर उपलब्ध हो जा रहा है. लोगों का दावा है कि कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर 1500 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं. हालांकि इस संबंध में संबंधित एजेंसियों या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. लोगों ने मांग की है कि या तो नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए या फिर लंबित पीएनजी कनेक्शनों को जल्द जारी किया जाए.
क्या कहते हैं जिला आपूर्ति पदाधिकारी
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी विनय कुमार ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है और आगे भी लोगों को कनेक्शन दिए जाएंगे. फिलहाल अधिकारी वर्ग के इलाके में कनेक्शन दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पहले से बिछी हुई है, वहां कनेक्शन वितरण में आ रही समस्याओं की जानकारी संबंधित एजेंसी को दी जाएगी, ताकि जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
लोगों को समाधान का इंतजार
आरा नगर के हजारों उपभोक्ता अब प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं. लोगों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ तभी मिलेगा, जब पीएनजी कनेक्शन समय पर उपलब्ध कराए जाएं और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान हो.
Also Read: बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विशेष अभियान में 18 गिरफ्तार, हजारो का जुर्माना वसूला
