Arrah News: आरा में केंद्रीय मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आपत्तिजनक एवं एडिटेड तस्वीर पोस्ट करने का मामला सामने आया है. इस पोस्ट में कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का भी आरोप है.
सूचना के अनुसार यह पोस्ट ‘भाई त्यागी यादव’ नामक फेसबुक प्रोफाइल आईडी से प्रकाशित की गई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
साइबर थाना में मामला दर्ज
भोजपुर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरा साइबर थाना कांड संख्या 38/26 दर्ज किया है. पुलिस द्वारा संबंधित फेसबुक पोस्ट और आईडी की जांच एवं सत्यापन किया गया है. प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि किसी व्यक्ति की तस्वीर का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना कानूनन दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है.
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आईडी धारक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस की अपील
भोजपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति, जाति या धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक या एडिटेड फोटो/वीडियो पोस्ट या शेयर न करें. ऐसा करना कानूनी अपराध है और इसके लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर निगरानी लगातार की जा रही है और समाज में वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
