भोजपुर के 9,645 गरीब परिवारों के घर लगेंगे सोलर प्लांट, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम

Arrah News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भोजपुर जिले के 9,645 कुटीर ज्योति परिवारों के घरों पर रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे. योजना के तहत जिले में 10.60 मेगावाट विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है.

Arrah News (नरेंद्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट)
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भोजपुर जिले में 9,645 कुटीर ज्योति परिवारों के घरों पर रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का कार्य शुरू हो गया है. राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया. इसके साथ ही बिहार में 1,278.03 करोड़ रुपये की लागत वाली 140 ऊर्जा परियोजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ और लोकार्पण भी किया गया.

9,645 परिवारों को मिलेगा सौर ऊर्जा का लाभ

योजना के तहत पात्र कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर 1.1 किलोवाट क्षमता का ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर सिस्टम बिना किसी अग्रिम लागत के स्थापित किया जाएगा. प्रत्येक प्रणाली में 550 वाट क्षमता के दो सौर पैनल लगाए जाएंगे, जो प्रतिदिन लगभग 4 से 5 यूनिट बिजली उत्पादन करने में सक्षम होंगे. इसके लिए 80 से 100 वर्गफुट छायारहित छत की आवश्यकता होगी.

उदवंतनगर से शुरू हुआ प्रथम चरण

योजना के प्रथम चरण की शुरुआत उदवंतनगर प्रखंड की बामपाली पंचायत के अख्तियारपुर (बड़कागांव) गांव से की गई. यहां चयनित लाभार्थियों के घरों पर निःशुल्क रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर कार्य का शुभारंभ किया गया. जिले में पहले चरण के तहत सभी 9,645 पात्र परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

जिले में विकसित होगी 10.60 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता

योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद भोजपुर जिले में लगभग 10.60 मेगावाट विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा क्षमता विकसित होगी. इससे हजारों परिवारों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध होगी. साथ ही बिजली खर्च में कमी आएगी और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी घटेगी.

ऊर्जा अवसंरचना को मिलेगी मजबूती

राज्य में शुरू की गई 140 ऊर्जा परियोजनाओं के तहत नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण, उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, 33 केवी एवं 132 केवी लाइनों का विस्तार और सुदृढ़ीकरण, उपभोक्ता सेवा केंद्रों का आधुनिकीकरण, ई-वाहन चार्जिंग अवसंरचना का विकास तथा सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं का विस्तार किया जाएगा. इन परियोजनाओं से विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है.

स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को मिलेगा बढ़ावा

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी. सौर ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.

कार्यक्रम में मौजूद रहे नेता और पदाधिकारी

कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, सांसद सुदामा प्रसाद, योजना एवं विकास विभाग के मंत्री सह जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग के मंत्री सह आरा विधायक संजय सिंह “टाइगर”, विधान पार्षद जीवन कुमार और सोनू कुमार, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, संदेश विधायक राधाचरण साह, तरारी विधायक विशाल प्रशांत, अगिआंव विधायक महेश पासवान तथा शाहपुर विधायक राकेश रंजन मौजूद रहे.

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त, विद्युत अधीक्षण अभियंता, वरीय प्रबंधक (राजस्व), आरा और जगदीशपुर के विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता, आईटी प्रबंधक समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

Also Read: आरा के चार रैन बसेरों में दो पर कब्जा, बेघर और जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा सहारा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >