Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के तमाम रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण खबर है. अगर आपने अभी तक अपने एलपीजी गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराया है, तो इसे अविलंब पूरा कर लें, अन्यथा आपका गैस कनेक्शन हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा. राज्य सरकार और विभागीय गाइडलाइंस के आलोक में भोजपुर के जिला आपूर्ति पदाधिकारी अरविंद कुमार ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी उपभोक्ताओं को अपने संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से हर हाल में केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके लिए अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है. निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि किसी उपभोक्ता का केवाईसी अपडेट नहीं पाया जाता है, तो तेल कंपनियों द्वारा उनके गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी को ब्लॉक कर दिया जाएगा.
फर्जीवाड़े पर कसेगा शिकंजा, मृत और स्थानांतरित उपभोक्ताओं के नाम पर उठ रही गैस
प्रशासन और तेल विपणन कंपनियों द्वारा इस कड़े कदम को उठाए जाने के पीछे एक बड़ी वजह सामने आई है. जिले में वर्तमान स्थिति ऐसी बनी हुई है कि कई मूल गैस उपभोक्ताओं का देहांत हो चुका है, लेकिन उनके नाम पर चल रहे कनेक्शनों का ट्रांसफर कराए बिना दूसरे लोग अवैध रूप से रसोई गैस का उठाव धड़ल्ले से कर रहे हैं. इसके कारण सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है और तेल कंपनियों को भारी वित्तीय क्षति उठानी पड़ रही है
इसके अतिरिक्त कई ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिनका दूसरे स्थानों पर ट्रांसफर हो गया है, फिर भी उनके पुराने पते वाले कनेक्शन पर गैस का उठाव जारी है. केवाईसी होने से तेल कंपनियों के पास उपभोक्ताओं का लाइव डेटा और बायोमेट्रिक सत्यापन रहेगा, जिससे इस प्रकार की सभी गड़बड़ियों पर पूरी तरह से अंकुश लग जाएगा.
PNG पाइपलाइन कनेक्शन लेने में भी होगी बड़ी परेशानी, गैस कंपनियों की दो टूक
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने एक और महत्वपूर्ण तकनीकी पहलू की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के नए नियमानुसार, जिन क्षेत्रों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की लाइन बिछाई जा रही है और जो लोग पीएनजी का नया कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें अपना पुराना सिलेंडर वाला एलपीजी कनेक्शन विभाग या संबंधित गैस एजेंसी को वापस करना पड़ेगा.
ऐसी स्थिति में, यदि सिलेंडर वाले पुराने गैस कनेक्शन का केवाईसी पहले से नहीं हुआ रहेगा, तो डेटा मिसमैच होने के कारण उपभोक्ताओं को पीएनजी शिफ्टिंग और सिक्योरिटी मनी रिफंड में काफी गंभीर प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. इसे देखते हुए ही सभी सरकारी और निजी गैस कंपनियों ने अपने-अपने उपभोक्ताओं को अलर्ट जारी करते हुए 30 जून तक हर हाल में इस प्रक्रिया को पूरा कर लेने की दो टूक हिदायत दी है. उपभोक्ता अपने आधार कार्ड और गैस पासबुक के साथ नजदीकी डीलर से तुरंत संपर्क कर सकते हैं.
Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम
