Ara Girls Shelter Home Death : आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र स्थित केजी रोड अल्पवास गृह में रविवार सुबह 18 वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. शुरुआती तौर पर मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है और प्रेम प्रसंग की चर्चा भी हो रही है. हालांकि मृतका के पिता ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
Bhojpur News : अल्पवास गृह में मिला युवती का शव
मृतका की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव निवासी संजय कहार की 18 वर्षीय पुत्री राजनंदनी कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस कस्टडी में मौत होने के कारण शव को विस्तृत पोस्टमार्टम के लिए पटना रेफर किया गया है.
Arrah News : एक साल पहले प्रेम प्रसंग में घर छोड़ चुकी थी युवती
मृतका के पिता संजय कहार ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनकी बेटी गांव के ही एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी. इस मामले में बिहिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद किया, लेकिन युवती ने घर लौटने से इनकार कर दिया. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे केजी रोड स्थित अल्पवास गृह में रखा गया था, जबकि आरोपित युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
पिता ने आत्महत्या से किया इनकार, हत्या की जताई आशंका
संजय कहार ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती. उन्होंने किसी साजिश के तहत उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना के बाद अल्पवास गृह की सुरक्षा व्यवस्था और वहां की निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं.
परिवार में मचा कोहराम
राजनंदनी अपने दो बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी. परिवार में मां जूली देवी, बड़ी बहन मुन्नी देवी और भाई अमन कुमार हैं. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
