जिले में एलपीजी की नहीं है कमी, पेडिंग बुकिंग से ज्यादा स्टॉक उपलब्ध: डीएम

उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर

डीएम प्रेस कॉफ्रेंस

अररिया. जिले में एलपीजी के स्टॉक को लेकर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. डीएम बिनोद कुमार दूहन ने मंगलवार को पत्रकारों को जानकारी दी कि एलपीजी सिलिंडर का उपयोग करने वाले घरेलू उपभोक्ता हों या कॉमर्शियल उपभोक्ता, किसी को भी पैनिक होने की जरूरत नहीं है. जिले में जितने एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति के लिए बुकिंग पेंडिंग हैं, उससे ज्यादा एलपीजी सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि एलपीजी की कोई भी किल्लत नहीं है. सभी उपभोक्ताओं से मेरा अनुरोध है कि वे बुकिंग करने के बाद निर्धारित अवधि तक इंतजार करें. उन तक उक्त अवधि में निश्चित ही एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध हो जायेगा. डीएम ने बताया कि जिले में अभी 16878 उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराया है, जबकि अभी भी जिले में विभिन्न एलपीजी वितरकों के पास 18288 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध है. इसलिए बुकिंग से ज्यादा जब जिले में एलपीजी उपलब्ध है, तो बेवजह पैनिक क्यों होना है. उन्होंने बताया कि हम अस्पताल व शिक्षण संस्थानों में भी एलपीजी सिलिंडर के वितरण पर पूरी तरह गंभीरता बरत रहे हैं. इन संस्थानों में एलपीजी की कमी नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है. डीएम ने बताया कि जिले में 55 एजेंसी कार्यरत हैं, सभी एजेंसी पर सतत निगरानी की जा रही है, उनके स्टॉक की प्रतिदिन जांच की जा रही है. कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी एजेंसी के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मजिस्ट्रेट के द्वारा लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है. मौके पर डीएम के अलावा डीपीआरओ चंद्रशेखर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश पासवान, एलपीजी के एरिया मैनेजर सहित अन्य मौजूद थे.

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन, तो शहरी क्षेत्र के लिए 25 दिनों की बुकिंग अवधि निर्धारित

डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग अवधि को लेकर 45 दिनों का समय निर्धारित है. वहीं शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों की बुकिंग अवधि निर्धारित है. डीएम ने कहा इस अवधि के दौरान हर हाल में बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी उपलब्ध कराने का सभी एजेंसी को स्पष्ट निर्देश है.

शिकायतों के निष्पादन के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित

डीएम ने बताया कि एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिले में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. इसका नंबर 06453 222309 है, अभी तक इस नंबर पर 11 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका निष्पादन किया जा रहा है. उपभोक्ता इस नंबर पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं.

किसी भी कंपनी का हैं उपभोक्ता, मत घबराइये, आपको मिलेगी वैकल्पिक व्यवस्था

डीएम ने बताया कि ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ स्थानों पर आइओसीएल (इंडेन गैस), बीपीसील (भारत गैस) व एचपीसीएल (एचपी गैस) की एजेंसी में से कोई एक है, लेकिन वहां पर उनके पास स्टॉक नहीं है, तो वैसे मामलों में संबंधित बुकिंग को कंपनी के प्राधिकृत कर्मी को भेजा जा रहा है. उन स्थानों पर तीनों में से जिस कंपनी का स्टॉक है, वहां से उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है.

फारबिसगंज में अवैध रूप से एलपीजी देने वाले एजेंसी को चिह्नित कर होगी कार्रवाई

फारबिसगंज में एलपीजी की कालाबाजारी कर अवैध रूप से भंडारण व दुरुपयोग संबंधी मामले में फारबिसगंज थाने में दर्ज थाना कांड संख्या 142/26 में दोषी मो साबिर अंसारी, मो इमरान अंसारी व अन्य के विरुद्ध तो जो विधि सम्मत कार्रवाई है, वह तो की ही जायेगी. इसके बावजूद उन तक 261 सिलिंडर पहुंचाने वाली कौन-कौन एजेंसी है, उन्हें भी चिह्नित किया जा रहा है. ऐसी एजेंसी के द्वारा आखिर वहां तक किस प्रकार से एलपीजी पहुंचायी गयी, इसकी भी जांच कर कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >