ARARIA प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय भरगामा में मेधावी छात्राओं का हुआ अभिनंदन

भरगामा स्थित प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में वर्ष 2026 के इंटरमीडिएट व माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के सम्मान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

भरगामा (अररिया) से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट ARARIA NEWS :

भरगामा स्थित प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में वर्ष 2026 के इंटरमीडिएट व माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के सम्मान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.समारोह में विद्यालय की मेधावी छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.कार्यक्रम में छात्राओं की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह व हर्ष का माहौल देखने को मिला.विद्यालय की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक व शिक्षिकाएं संख्या में उपस्थित रहे.

माध्यमिक परीक्षा में तान्या शीतल बनीं विद्यालय टॉपर

माध्यमिक परीक्षा 2026 में विद्यालय की छात्रा तान्या शीतल ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं नेहा रानी ने 88 प्रतिशत अंक लाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया व रिमी कुमारी ने 81 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया.तान्या शीतल को प्रखंड सह माध्यमिक टॉपर घोषित किए जाने पर समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया.

इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में रिमी कुमारी अव्वल

इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में रिमी कुमारी ने 74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया.वहीं काजल कुमारी द्वितीय स्थान व करीना कुमारी ने 70 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया.

इंटरमीडिएट कला वर्ग में गुड्डी कुमारी ने मारी बाजी

इंटरमीडिएट कला संकाय में गुड्डी कुमारी ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया.काजल कुमारी ने 74 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया व जबकि प्रियांशु कुमारी ने 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया. विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी सफल छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. अभिभावकों ने भी अपनी बेटियों की इस उपलब्धि पर गर्व जताया.

बीडीओ ने कहा – बेटियां हर क्षेत्र में बढ़ा रही हैं मान

समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण सुमन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं.मेहनत, अनुशासन व लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.उन्होंने छात्राओं को आगे भी इसी प्रकार निरंतर अध्ययन कर समाज व परिवार का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी. विद्यालय के प्रधानाध्यापक कौशल कुमार ने कहा कि यह सम्मान समारोह छात्राओं के मनोबल को बढ़ाने का कार्य करेगा.विद्यालय हमेशा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाली छात्राएं ही भविष्य की सशक्त नींव होती हैं. कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राओं के अभिभावक व बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं. पूरे समारोह के दौरान मेधावी छात्राओं का उत्साहवर्धन तालियों की गड़गड़ाहट के बीच किया गया. विद्यालय परिसर में यह समारोह प्रेरणा, सम्मान व उपलब्धि का यादगार पल बन गया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >