भारत-नेपाल सीमा पर SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 23.40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर SSB और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. इस कार्रवाई में 23.40 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. दोनों तस्करों को NDPS एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है.

अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे बेला बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने सीमा क्षेत्र से 23.40 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कागजी कार्रवाई और पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को बसमतिया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.

सीमा स्तंभ 198/2 के पास चलाया गया संयुक्त अभियान

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा के डी समवाय बेला के कार्यक्षेत्र अंतर्गत बेला वार्ड संख्या 08, सीमा स्तंभ (पिलर संख्या) 198/2 के समीप भारतीय सीमा में लगभग 1 किलोमीटर अंदर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया. गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस और एसएसबी जवानों को देखकर वे भागने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर उनके पास से 23.40 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद हुई.

अररिया और सुपौल के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर

पकड़े गए तस्करों की पहचान बेला वार्ड संख्या 8 (नरपतगंज) निवासी वीरेन कुमार मेहता तथा सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरा गांव निवासी दिलीप कुमार मेहता के रूप में की गई है. एसएसबी अधिकारियों ने जब्त ब्राउन शुगर और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बसमतिया थाने को सौंप दिया.

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, तस्करों को भेजा गया जेल

बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि जब्त नशे की खेप के आधार पर दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. रविवार को दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में लेते हुए अररिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार यादव

संजीव कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. नरपतगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >