बथनाहा (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और बथनाहा पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया. कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या-184 के पास, भारतीय क्षेत्र में करीब पांच किलोमीटर अंदर बथनाहा के समीप एक संदिग्ध सफेद महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया. जवानों ने वाहन को खदेड़कर पकड़ा और तलाशी लेने पर उसमें से 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भागकोहलिया निवासी 26 वर्षीय दीपक कुमार, पिता कैलू मंडल के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. साथ ही इस मामले से जुड़े तस्करी नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है.
और पढ़ें : जीविका दीदियों की सिली पोशाक पहन मुस्कुराए नौनिहाल, आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ वितरण
