कुर्साकांटा (अररिया) से दिलीप कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Shrimad Bhagwat Katha Kalash Yatra: प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुआड़ी स्थित ओंकारेश्वर शिव मंदिर के निकट मोतीलाल परिसर में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ के शुभारंभ को लेकर भव्य शोभा कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा
शोभा कलश यात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर कुआड़ी बाजार का भ्रमण करते हुए मुख्य सड़क मार्ग से बकरा नदी पहुंची. वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल तक यात्रा पूरी की. यात्रा के दौरान गाजे-बाजे और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
251 श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
आयोजकों के अनुसार कलश यात्रा में 251 श्रद्धालुओं ने भाग लिया. श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए. यात्रा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला.
सात दिवसीय कथा का होगा शुभारंभ
आयोजक समिति सदस्य सह मुखिया वीणा देवी ने बताया कि कलश यात्रा के उपरांत सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा. कथा आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.
वृंदावन से पहुंचेगे संत राजीव ठाकुर
आयोजक समिति के अनुसार उत्तर प्रदेश के वृंदावन से अंतरराष्ट्रीय संत प्रेमदूत राजीव ठाकुर कथा वाचन के लिए पहुंचेंगे. उनके श्रीमुख से श्रद्धालु सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करेंगे.
कार्यक्रम को सफल बनाने में भानु प्रताप गुप्ता, निरंजन पासवान, सरदार मिट्ठू सिंह, संतोष कुमार भारतीय, सरपंच पूजा देवी, मदन प्रसाद साह, प्रमोद साह समेत दर्जनों लोगों की सक्रिय भूमिका रही.
