एनएच की जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं, चरणबद्ध अभियान रहेगा जारी : डीएम
अररिया. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश व बिहार सड़क सुरक्षा परिषद के आदेश के आलोक में गुरुवार को जिला प्रशासन ने अररिया के जीरोमाइल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया. अभियान का नेतृत्व डीएम विनोद दूहन व पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया. अभियान के क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि व राइट ऑफ वे क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया. साथ ही संबंधित लोगों द्वारा पूर्व में जारी नोटिसों के अनुपालन की भी समीक्षा की गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित व अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से की जा रही है. जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है. इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूची व स्थानीय सर्वेक्षण के आधार पर अतिक्रमित स्थलों की पहचान की गई थी. सभी संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार पहले ही नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद प्रशासनिक स्तर से यह कार्रवाई की गयी है. उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जिले से होकर गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी संचालित किया जायेगा. राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि, सड़क किनारे के सुरक्षा क्षेत्र व राइट ऑफ वे पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण, दुकान, अस्थायी संरचना व होर्डिंग लगाना प्रतिबंधित है. जिलाधिकारी ने व्यवसायियों व आम नागरिकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किये गये अतिक्रमण को स्वयं हटा लें व सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें. अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संबंधित पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्षों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, अतिक्रमण मुक्त व दुर्घटना रहित बनाने के लिये यह अभियान लगातार जारी रहने की बात उन्होंने कही.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.