जमीन से मिट्टी कटाव का किया विरोध

ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय में जताया आक्रोश

भरगामा. प्रखंड क्षेत्र के रेशमलाल चौक स्थित महादलित परिवार की जमीन से रेलवे द्वारा मिट्टी काटे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर विरोध जताया. ग्रामीणों ने प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों की ओर से रवि ऋषिदेव ने बताया कि करीब तीन एकड़ जमीन उनके दादा स्व रतन ऋषिदेव के नाम से दर्ज है. उनका परिवार वर्ष 1970 से लगातार इस जमीन पर खेती-बाड़ी करते आ रहा है व यह उनकी पुश्तैनी जमीन है. रवि ऋषिदेव ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों ने आपसी मिलीभगत से उक्त जमीन को रेलवे के नाम पर दिखाकर वहां से मिट्टी कटवाने का प्रयास किया. करीब एक माह पूर्व जब रेलवे के कर्मचारी जेसीबी लेकर मिट्टी काटने पहुंचे थे, तब स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के कारण उन्हें मशीन लेकर वापस लौटना पड़ा था. ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर सीओ को लिखित शिकायत भी दी गई थी. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन की विधिवत जांच कराई जाए व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को ओर तेज करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >