डीएम ने आपातकालीन संचालन केंद्र का किया निरीक्षण अररिया. डीएम विनोद दूहन ने शुक्रवार को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जिले में निर्मित जिला आपातकालीन संचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया. संभावित बाढ़ के खतरों के मद्देनजर उन्होंने उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्था, संसाधन व इसकी कार्यप्रणाली का मुआयना किया. निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि आपातकालीन संचालन केंद्र में नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 9471682459 संचालित है. आवश्यकता अनुसार इसमें कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है व रोस्टर के आधार पर इसमें ड्यूटी निर्धारित है. नियंत्रण कक्ष में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु सैटेलाइट फोन की भी सुविधा उपलब्ध पायी गयी. इससे आपात स्थिति में निर्बाध संचार संभव हो सकेगा. निरीक्षण के क्रम में डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि संभावित बाढ़ जैसी आपदा से निबटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें. उन्होंने अपर समाहर्ता आपदा व सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा समय-समय पर जारी मौसम संबंधी पूर्वानुमान व चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये. ताकि आमजन को संभावित प्राकृतिक आपदाओं के प्रति पहले से सचेत किया जा सके. उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता आपदा प्रबंधन का एक महत्वपूर्ण पहलू है. लोगों को सुरक्षित स्थानों की जानकारी, बाढ़ के समय बरती जाने वाली सावधानियां, राहत व बचाव कार्यों से संबंधित सूचनाएं समय रहते उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये. जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिये सभी आवश्यक संसाधन व व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय व सुदृढ़ रहे. ताकि संभावित आपदा के दौरान जान-माल की क्षति को कम से कम किया जा सके.
संभावित बाढ़ से निबटने की कर लें तैयारी : डीएम
निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिये कई निर्देश
