अररिया. अररिया आरएस थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अररिया-रानीगंज एनएच 327ई गिदरिया ओवरब्रिज के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान एक बाइक आ रही थी. जो पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर गिदरिया ओवरब्रिज सर्विस रोड में भाग गया, बाइक के पीछे-पीछे एक लाल रंग की चार पहिया वाहन भी काफी तेजी से आ रही थी. जिसे पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो वाहन में सवार तीन व्यक्ति वाहन का गेट खोलकर भागने का प्रयास किया. जिसे पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को वाहन सहित पकड़ लिया. हिरासत में लिए गए चार चक्का वाहन रजिस्ट्रेशन संख्या डबल्यूबी 06एम 9267 व तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली गयी. तलाशी के क्रम में तीनों व्यक्तियों के पास से 280.35 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ. बरामद स्मैक जैसा मादक पदार्थ को एनडीपीएस के एसओपी का पालन करते हुए जब्त कर सुसंगत धाराओं के तहत आरएस थाना कांड संख्या 87/26 के तहत दर्ज किया गया. सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर उक्त जानकारी देते हुए कहा कि बरामद स्मैक की तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. तीनों तस्कर अररिया आरएस थाना क्षेत्र के रूपैली वार्ड संख्या 04 निवासी इस्तियाक उर्फ अर्श उर्फ मिंटू (20) पिता सैयाद, राजेखर वार्ड संख्या 05 निवासी समीर आलम (20) पिता नूर आलम व मदनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर पश्चिमी वार्ड संख्या 14 निवासी आयुष कुणाल (21) पिता चंदन मल्लिक है. इस छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष पुअनि अंकुर, पुअनि त्रिपुरारी कुमार, पुअनि अखिलेश कुमार, प्रशिक्षु पुअनि सुमित कुमार, प्रशिक्षु पुअनि सौदागर कुमार, सअनि गणेश साह सहित डीआइयू टीम व सशस्त्र बल शामिल थे.
280.35 ग्राम स्मैक बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मिली सफलता
