नरपतगंज. बिहार में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत अररिया जिले की नरपतगंज थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पलासी पंचायत के वार्ड संख्या 06 में छापेमारी कर घर से एक कट्टा व दो कारतूस बरामद किया है. पुलिस ने हथियारों को जब्त कर लिया है, लेकिन इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी फरार हो गया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरपतगंज पुलिस को यह पुख्ता इनपुट मिला था कि इलाके का एक युवक आपराधिक वारदात को अंजाम देने या किसी बड़ी साजिश के तहत अपने घर में अवैध हथियार डंप कर रखा है. नरपतगंज पुलिस को विशेष शिकायत मिली थी कि पलासी पंचायत के वार्ड संख्या 06 निवासी मिट्ठू यादव के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है. इस संबंध में नरपतगंज के थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पलासी से एक कट्टा व दो कारतूस की बरामदगी की है. इस अवैध हथियार रखने के मामले में फरार आरोपी मिट्ठू यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट (हथियार अधिनियम) की सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा. आरोपी मिट्ठू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है.
घर से कट्टा व कारतूस बरामद, आरोपित फरार
पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
