ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

लोगों ने तीन घंटे रोड जाम कर किया प्रदर्शन

भरगामा. थाना क्षेत्र के कुशमौल पंचायत में रविवार की शाम भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. विसर्जन जुलूस में शामिल एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 45 वर्षीय बिनोद सरदार की मौत हो गयी. कुशमौल पंचायत वार्ड संख्या 01 निवासी कमलेश्वरी सरदार के पुत्र बिनोद सरदार विसर्जन जुलूस के दौरान मुकेश साह के ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था. इसी दौरान अचानक असंतुलित होकर वह नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर के पिछले चक्के के नीचे आ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रैक्टर मालिक तुरंत उसे महथावा स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गये. लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक शव को कुशमौल स्थित बिलेनिया नदी पुल के पास रखकर फरार हो गया. बाद में ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पर भरगामा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

परिजनों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गुस्साएं ग्रामीणों व परिजनों ने शव को कुशमौल-छातापुर मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. यह जाम करीब तीन घंटे तक चला, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में स्थानीय समाजसेवियों व ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया. ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े थे.

मुश्किल से कर रहा था परिवार का भरण-पोषण

मृतक के चाचा सुरेंद्र सरदार ने बताया कि बिनोद सरदार का एक हाथ पहले से ही कटा हुआ था. इसके बावजूद वह एक हाथ से जुगाड़ गाड़ी चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहा था. उसकी पत्नी संजुला देवी व पांच छोटे बच्चे हैं. हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है. गांव में शोक का माहौल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAPHULL BHARTI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >