नेपाल के सुनसरी जिले में बीते दिनों दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प, कर्फ्यू और तनावपूर्ण स्थिति के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नेपाल के तनाव का असर भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों पर न पड़े और शांति-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए बुधवार को सिकटी प्रखंड स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB), नेपाल एपीएफ (APF) और बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च और गश्त अभियान चलाया गया.
पिलर संख्या 160/1 से 161 के बीच हुई सघन गश्त
यह संयुक्त अभियान सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह, एसएसबी 52वीं वाहिनी (सिकटी कंपनी) के एसआई हरेंद्र सिंह और नेपाल एपीएफ के संतोष क्षेत्रीय के नेतृत्व में चलाया गया.
अभियान के दौरान सीमा स्तम्भ (Pillar Number) 160/1 से 161 के बीच दर्जनों जवानों ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त की. अधिकारियों ने बताया कि सीमा चौकियों पर आने-जाने वाले सभी संदिग्ध लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है.
नेपाल की घटना का असर भारत पर न पड़े: थानाध्यक्ष
सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सुनसरी में हुई हिंसक झड़प के बाद नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में कर्फ्यू जैसी स्थिति और तनाव बना हुआ है.
एसपी के निर्देश पर एहतियात के तौर पर भारतीय सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट (High Alert) पर रखा गया है. पुलिस और एसएसबी के जवान लगातार इलाकों में गश्त कर रहे हैं.
भारतीय सीमा में शांति, अफवाहों पर न दें ध्यान
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भारतीय सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है. किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या अफवाह को रोकने के लिए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है.
दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम कर रही हैं ताकि सीमावर्ती गांवों में शांति और सौहार्द कायम रहे.
