फारबिसगंज. फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के रामपुर दक्षिण पंचायत में पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. यह पुल अंसारी चौक से इस्लामपुर मार्ग पर बनाया जायेगा. जो लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है. मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनने वाले इस पुल की कुल लंबाई 89.48 मीटर निर्धारित की गयी है. इसके निर्माण पर लगभग 7.68 करोड़ रुपये की लागत आयेगी. विधायक बनने के बाद मनोज विश्वास द्वारा क्षेत्र में शुरू किया गया. यह पहला बड़ा विकास कार्य माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद से अब तक इस मार्ग पर पुल नहीं होने के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था. लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी, तो मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था. इस पुल के निर्माण से रामपुर दक्षिण, अंसारी चौक और इस्लामपुर सहित आसपास के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. निर्माण का कार्य मेसर्स साथी कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जायेगा. जबकि इसकी कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल फारबिसगंज है. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि कपिल अंसारी, रियाज अहमद, अमित राय, इम्तियाज अंसारी, नियाज दाऊद, परवेज आलम, इरफान अंसारी, शाहनवाज आलम, संतोष मंडल, मुकेश विश्वास, अरविंद मंडल, संजीव मंडल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
पुल का विधायक ने किया शिलान्यास
7.68 करोड़ की लागत से बननेगा पुल
