जोकीहाट. थाना क्षेत्र के पथराबाड़ी पंचायत के एक गांव में विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण, मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज एफआईआर के अनुसार महिला के पति का निधन करीब पांच वर्ष पूर्व हो चुका है. इसके बाद वह अपने ससुराल में रह रही है. आरोपित रहीम जो पीड़ित महिला का देवर है. उससे नजदीकी बढ़ाई व शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण किया. पीड़िता के अनुसार आरोपित ने कई बार उसके साथ जबरन यौन शोषण किया. दो बार गर्भपात भी कराया. महिला का कहना है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपित ने शादी से इंकार कर दिया. उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा. पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट की. कपड़े फाड़ दिये व कई बार सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया. यहां तक कि एक बार पेड़ से बांधकर पिटाई भी की गयी. मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन दबंग आरोपित के खिलाफ कोई ठोस समाधान पंचगण नहीं निकाल सके. महिला ने आवेदन में यह भी कहा कि आरोपित द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही है, जिससे वह दहशत में है. पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. दोषी पाये जाने पर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाइ की जायेगी.
शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण
पीड़िता ने पुलिस से लगायी न्याय की गुहार
