पंचायत सरकार भवन का विधायक ने किया उद्घाटन
अब जाति, निवास व एलपीसी बनाने व पेंशन के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
पंचायत सरकार भवन के क्रियाशील होने से सुदूर देहात के गरीब, किसान व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा फायदा होगा
नरपतगंज. प्रखंड क्षेत्र के बसमतिया पंचायत के ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म हो गया. बसमतिया पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का विधायक देवयंती यादव ने फीता काटकर उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह के दौरान पंचायत के मुखिया रऊनी खातून के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के द्वारा बुके देकर भव्य नागरिक स्वागत किया. उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक देवयंती यादव ने कहा कि बसमतिया पंचायत सरकार भवन के क्रियाशील होने से सुदूर देहात के गरीब किसान व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा फायदा होगा पहले लोगों को अपने छोटे-छोटे निजी और प्रशासनिक कार्यों जैसे जाति निवास एलपीसी पेंशन के लिए कई किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय जाना पड़ता था. जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था. वहीं बताया कि अब सरकार के इस नए भवन में ही पंचायत स्तर के सभी जन कल्याणकारी कार्य आरटीपीएस काउंटर हल्का कर्मचारी व लोक शिकायत निवारण से जुड़े कार्य एक ही छत के नीचे संचालित किए जायेंगे. इस मौके पर बीडीओ अजीत कुमार, समाजसेवी प्रेम सागर उर्फ सुशील कुमार, मुखिया प्रतिनिधि नबिद अंसारी के अलावा पंचायत स्तर के सभी कर्मी वार्ड सदस्य, वार्ड पंच सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.