मैट्रिक परीक्षा में 14 हजार 49 छात्र व 16 हजार 16 छात्राएं देंगी परीक्षा परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिये कई निर्देश अररिया. जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा आगामी 17 से 25 फरवरी तक आयोजित होगी. परीक्षा की प्रथम पाली 09:30 बजे पूर्वाह्न से 12:45 बजे अपराह्न तक व द्वितीय पाली 02:00 बजे अपराह्न से 05:15 बजे अपराह्न तक आयोजित होगी. कुछ विषयों की परीक्षा प्रथम पाली में अपराह्न 12:15 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 4:45 बजे तक आयोजित होगी. जिले में परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी विनोद दूहन व जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित डीआरसीसी सभागार में परीक्षा से संबंधित केंद्राधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी. इसमें महिला परीक्षार्थियों के फिस्किंग के लिए महिला वीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्तीदल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस अधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, शाखा प्रबंधक एसबीआइ सहित अन्य ने भाग लिया. बैठक में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने संबंध सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी दिशा निर्देश का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व सुरक्षा बल अपने-अपने कार्यों का निर्वहन जिम्मेदारी पूर्वक करें. बताया गया कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा यानी मैट्रिक की परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय में 23 व फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय में 20 कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में कुल 30 हजार 65 परीक्षार्थी भाग लेंगे. इसमें 14 हजार 49 छात्र व 16 हजार 16 छात्राएं भाग लेंगे. परीक्षा केंद्र से संबंधित स्टेटिक दंडाधिकारी को परीक्षा केंद्र में छात्र-छात्राओं के प्रवेश से पहले सघन जांच सुनिश्चित करें. ताकि कोई भी छात्र-छात्राएं कोई किताब, नोट, कैलकुलेटर, मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकें. परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वारा सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की समुचित जांच करने के लिये निर्देशित किया गया. प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 9:00 बजे तक व द्वितीय पाली के लिये अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति होगी. विलंब होने पर परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्रों के लिये जूता-मोजा पहन कर केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा. इसके स्थान पर जूता-चप्पल पहन कर केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी. सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफर व सीसीटीवी की इंतजाम किया गया है. परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर में मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा. बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन नवनील कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया व फारबिसगंज, अनुमंडल पुलस पदाधिकारी अररिया व फारबिसगंज सहित परीक्षा से संबद्ध सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. ———————————- परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष होगा संचालित अररिया. जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा यानी मैट्रिक की परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर समाहरणालय परिसर स्थित उद्योग भवन में जिला नियंत्रण कक्ष का संचालन किया जायेगा. जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06453-222309 पर क्रियाशील रहेगा. परीक्षा से संबंधित किसी तरह की कोई गड़बड़ी की शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या पर दी जा सकेगी. ताकि इसका त्वरित समाधान संभव हो सके. जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभार डीपीओ आईसीडीएस कविता कुमारी को सौंपा गया है. वहीं अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन नवनील कुमार को परीक्षा का वरीय प्रभार सौंपा गया है.
जिले के 43 परीक्षा केंद्रों पर 17 फरवरी को होगी मैट्रिक की परीक्षा
परीक्षा संचालन को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष होगा संचालित
