Araria News: महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित डिस्ट्रिक्ट हब फॉर विमेन एम्पावरमेंट की ओर से प्रथम संस्था के सहयोग से पलासी प्रखंड के चौरी पंचायत भवन में महादलित समुदाय की किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) किट वितरण एवं नेतृत्व उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में चौरी, पकड़ी और धर्मगंज पंचायत की लगभग 50 किशोरियों ने भाग लिया.
मासिक धर्म स्वच्छता पर दी गई वैज्ञानिक जानकारी
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण तथा मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के बारे में विस्तार से बताया गया. साथ ही स्वच्छता सामग्री के सुरक्षित उपयोग और उसके उचित निस्तारण की जानकारी भी दी गयी.
नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर दिया गया जोर
अधिकारियों ने किशोरियों को अपने समुदाय में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने और अन्य किशोरियों को भी मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जागरूक किशोरियां समाज में सकारात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती हैं.
पात्र किशोरियों को वितरित की गई एमएचएम किट
कार्यक्रम के अंत में सभी पात्र किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन किट का वितरण किया गया. अधिकारियों ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़े सामाजिक मिथकों को दूर कर स्वच्छ एवं सुरक्षित व्यवहार अपनाना आवश्यक है.
शिक्षा और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
Araria News: कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने किशोरियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने, पढ़ाई जारी रखने तथा अपने आसपास की अन्य किशोरियों को भी जागरूक करने की अपील की. कार्यक्रम में विकास मित्र, संबंधित लेडी सुपरवाइजर तथा डिस्ट्रिक्ट हब फॉर विमेन एम्पावरमेंट के अधिकारी मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में प्रथम संस्था की टीम और विभागीय कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
