सदर एसडीओ को मांग पत्र सौपतें संघ के प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network

अररिया में पत्रकारों का शांतिपूर्ण मार्च: सहरसा मामले में आरोपितों पर कार्रवाई और सुरक्षा कानून की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सहरसा में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में अररिया के पत्रकारों ने एकजुट होकर विरोध मार्च निकाला. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानूनी व्यवस्था की मांग की. घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई.

सहरसा में प्रभात खबर के पत्रकार के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटना को लेकर अररिया जिले के पत्रकारों में गहरा रोष व्याप्त है. गुरुवार को जिला पत्रकार संघ अररिया के आह्वान पर जिले भर के मीडियाकर्मियों ने एकजुट होकर विरोध मार्च निकाला और शासन-प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानूनी व्यवस्था करने की मांग की.

विरोध प्रदर्शन से पूर्व प्रेस भवन अररिया में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर देश भर में मीडियाकर्मियों के साथ हो रही दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और जानलेवा हमलों की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की.

सहरसा की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई: मंटू भगत

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ मंटू भगत ने सहरसा की घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना की.

उन्होंने कहा कि पत्रकार विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करते हैं. सहरसा में पत्रकार के साथ हुई घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा इसमें संलिप्त सभी दोषियों को चिह्नित कर सख्त कानूनी सजा दी जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

नए साथियों के लिए कार्यशाला और अधिकारों की समझ जरूरी: अमरेंद्र सिंह

संघ के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ अपने पेशेवर दायरे की भी स्पष्ट समझ होनी चाहिए.

उन्होंने फील्ड में आने वाली नई पीढ़ी के मीडियाकर्मियों को पत्रकारिता के तकनीकी पहलुओं, नैतिक मापदंडों और दायित्वों से भली-भांति अवगत कराने के लिए जिला पत्रकार संघ के बैनर तले एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया.

जनता और शासन के बीच की कड़ी हैं पत्रकार: मृगेंद्र मणि सिंह

प्रभात खबर के ब्यूरो प्रमुख मृगेंद्र मणि सिंह ने कहा कि पत्रकारों के स्वाभिमान और सुरक्षा पर आंच आने पर जिला पत्रकार संघ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है.

उन्होंने कहा कि पत्रकार आम जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखने वाली सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ की गरिमा, आत्मसम्मान और भौतिक सुरक्षा की रक्षा के लिए शासन स्तर पर माकूल और पारदर्शी व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है.

संतुलित और तथ्यपरक रिपोर्टिंग से ही अक्षुण्ण रहेगी साख: चंदन कुमार लालू

संघ के उपाध्यक्ष चंदन कुमार लालू ने कहा कि पत्रकारों को समाज और शासन के बीच संतुलन बनाकर दायित्व निभाना होता है, जिसके लिए ठोस पेशेवर मापदंड जरूरी हैं.

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दावों और धरातल की वास्तविक सच्चाई, दोनों पक्षों पर मीडिया की पैनी और निष्पक्ष नजर होनी चाहिए. एकतरफा रिपोर्टिंग से पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित होती है, जबकि संतुलित और तथ्यपरक पत्रकारिता से ही समाज में मीडिया के प्रति विश्वास और गरिमा बनी रहती है. कार्यक्रम का संचालन दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिष झा ने किया.

प्रेस भवन से समाहरणालय तक गूंजे नारे, एसडीओ व एडीपीओ को सौंपा ज्ञापन

बैठक के समापन के उपरांत सभी पत्रकार तख्तियां लेकर शहर की सड़कों पर उतरे. विरोध मार्च प्रेस भवन से प्रारंभ होकर मां काली मंदिर, चांदनी चौक और एसडीओ आवास मार्ग होते हुए समाहरणालय पहुंचा.

मार्च के दौरान पत्रकार सहरसा की घटना के विरोध में और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के समर्थन में नारे लगा रहे थे. समाहरणालय पहुंचने पर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद सदर एसडीओ अररिया और एडीपीओ अररिया को विस्तृत मांग पत्र सौंपा, जिसमें सहरसा कांड के निष्पक्ष अनुसंधान, त्वरित कानूनी कार्रवाई और पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की गई.

जिले भर के प्रमुख मीडियाकर्मी रहे उपस्थित

इस विरोध मार्च और बैठक में हिंदुस्तान के प्रभारी फुलेंद्र मल्लिक, वरिष्ठ पत्रकार विष्णुदेव झा बेदी, कमर आलम, फिरोज आलम, मो. कलीमुद्दीन, रूपेश कुमार, पंकज झा, सुदीप भारती सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े कई संवाददाता व छायाकार मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >