Araria Liquor Smuggling: अररिया जिले के जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने वाहन में बनाए गए गुप्त तहखाने से 295.92 लीटर विदेशी शराब बरामद कर चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
गुप्त सूचना पर जहानपुर चौक पर चलाया गया जांच अभियान
प्रभारी थानाध्यक्ष इम्तियाज खान ने बताया कि सूचना मिली थी कि बहादुरगंज की ओर से एक मालवाहक वाहन में अंग्रेजी शराब की खेप अररिया लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के लिए जहानपुर चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदिग्ध मालवाहक वाहन को रोकने का प्रयास किया गया.
भागने की कोशिश, पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
पुलिस को देखकर वाहन चालक और खलासी भागने लगे, लेकिन मौजूद पुलिस बल ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया. इसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने से 295.92 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय लड्डू कुमार उर्फ रोहन, पिता भोला राय तथा 28 वर्षीय अमित कुमार, पिता सकलदेव राय, दोनों निवासी थाना करजा, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब, मालवाहक वाहन और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं.
बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
Araria Liquor Smuggling: प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में जोकीहाट थाना कांड संख्या 308/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
