भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी का नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर, सैकड़ों पशुओं का हुआ उपचार

भारत-नेपाल सीमा पर हटेवा गांव में 56वीं वाहिनी एसएसबी ने नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया. इस पहल से सीमावर्ती ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि वे अब अपने पशुओं का मुफ्त इलाज करा सकते हैं.

अररिया/जोगबनी. भारत-नेपाल सीमा से सटे हटेवा गांव में 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा शनिवार को नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का संचालन द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के निर्देशन में सीमा चौकी ई समवाय कुशमाहा के कार्यक्षेत्र में किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराई.

पशुओं की हुई नि:शुल्क जांच

Jogbani SSB Camp: क्षेत्रीय मुख्यालय पूर्णिया से पहुंचे द्वितीय कमान अधिकारी डॉ. घनश्याम पटेल ने शिविर में पशुओं की स्वास्थ्य जांच की. उन्होंने पशुपालकों को विशेष रूप से बरसात के मौसम में होने वाली पशुओं की बीमारियों, उनके बचाव, समय पर उपचार और उचित देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी.

नि:शुल्क दवाओं का किया गया वितरण

स्वास्थ्य जांच के बाद 56वीं वाहिनी एसएसबी की पशु चिकित्सा शाखा के कर्मियों ने पशुपालकों के बीच आवश्यक दवाओं का नि:शुल्क वितरण किया. अधिकारियों ने पशुपालकों को नियमित टीकाकरण, साफ-सफाई और संतुलित आहार देने की भी सलाह दी, ताकि पशुओं को संक्रमण से बचाया जा सके.

सैकड़ों पशुओं का हुआ उपचार

शिविर में सैकड़ों पशुओं का उपचार किया गया. बड़ी संख्या में पशुपालक अपने मवेशियों को लेकर शिविर पहुंचे. एसएसबी की इस पहल से सीमावर्ती ग्रामीणों को आर्थिक राहत मिली, क्योंकि निजी स्तर पर पशुओं का इलाज कराना कई परिवारों के लिए महंगा साबित होता है.

ग्रामीणों ने की पहल की सराहना

Jogbani SSB Camp: ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में पशुओं के बीमार होने की संभावना अधिक रहती है और महंगी दवाओं के कारण समय पर इलाज कराना कठिन हो जाता है. ऐसे में एसएसबी द्वारा आयोजित यह नि:शुल्क शिविर उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ. ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >