भारत-नेपाल सीमा पर स्थित प्रमुख सीमावर्ती नगर जोगबनी सहित पड़ोसी देश नेपाल के सीमाई इलाकों में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा पूरे विधि-विधान, पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई.
नगर और सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित औद्योगिक इकाइयों, गैराजों, तकनीकी प्रतिष्ठानों और परिवहन केंद्रों में सुबह से ही उत्सवी माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और कारीगरों ने अपने वाहनों, कल-पुर्जों, औजारों और आधुनिक मशीनरी की विधिवत पूजा कर कार्यक्षेत्र में उन्नति और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की.
रेलवे यार्ड में 37 वर्षों की परंपरा, मेले ने बढ़ाई रौनक
जोगबनी रेलवे यार्ड स्थित बस स्टैंड परिसर में भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर सार्वजनिक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया.
मुख्य आयोजक मनोज साह ने बताया कि रेलवे यार्ड परिसर में विगत 37 वर्षों से लगातार भगवान विश्वकर्मा की पूजा का आयोजन पूरी भव्यता के साथ किया जा रहा है. इस अवसर पर परिसर में पारंपरिक मेले का भी आयोजन किया जाता है, जो सीमाई क्षेत्र के बच्चों, महिलाओं और श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा.
सृजन और निर्माण के दिव्य वास्तुकार हैं भगवान विश्वकर्मा
पूजा अनुष्ठान के दौरान मुख्य पुरोहित पंडित गणेश झा ने देवशिल्पी की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्वकर्मा जयंती निर्माण, वास्तुकला और तकनीकी सृजन के देवता को समर्पित एक विशिष्ट पर्व है.
धार्मिक ग्रंथों और वेद-पुराणों में उन्हें 'विश्व का शिल्पी' और 'दैविक वास्तुकार' कहा गया है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार देवशिल्पी विश्वकर्मा ने ही देवताओं के लिए दिव्य महलों, पुष्पक विमान और अमोघ अस्त्र-शस्त्रों की रचना की थी, जिसके चलते तकनीकी और श्रम से जुड़े सभी कामगार उनका वंदन करते हैं.
बिजली विभाग के कर्मियों ने भी स्थापित की प्रतिमा
शहर में विद्युत आपूर्ति और रखरखाव की कमान संभालने वाले बिजली कर्मियों ने भी इस अवसर पर विशेष भक्ति भाव का परिचय दिया.
अजय मंडल और भोला राय के नेतृत्व में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की मनमोहक प्रतिमा स्थापित कर सामूहिक रूप से पूजन और आरती की. कर्मियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा और तकनीकी दोषों से बचाव की प्रार्थना की.
सुरक्षा व्यवस्था चुस्त, जनप्रतिनिधियों का रहा सहयोग
सीमावर्ती क्षेत्र में पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस दिखा. जोगबनी थाने के अपर थानाध्यक्ष विष्णुकांत के नेतृत्व में पुलिस बल विभिन्न पूजा स्थलों और संवेदनशील चौराहों पर तैनात रहा.
आयोजन को गरिमामयी और सफल बनाने में पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजू राय, नगर पार्षद प्रभात सिंह और मृत्युंजय पांडेय सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पूजनोपरांत सभी पंडालों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
