विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली जागरूकता रैली
तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक सहित अन्य गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है
अररिया. जिले में रविवार 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस आकर्षण का असली चेहरा उजागर करें तंबाकू व निकोटीन की लत का मुकाबला करें की थीम पर आयोजित किया जायेगा. इससे पूर्व शनिवार को सदर अस्पताल अररिया व प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय इसे लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
लोगों को किया जागरूक
तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली व शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ जमील अहमद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार, डीपीसी राकेश कुमार, कैंसर स्क्रीनिंग टीम से डॉ साइना, डॉ मैत्रेयी, पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर संजय कुमार झा, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में कार्यरत मनोवैज्ञानिक शुभम कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक सहित अन्य गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है. युवाओं में बढ़ते निकोटीन, ई-सिगरेट की लत को खतरनाक बताते हुए नशे की इस लोगों को दूर रहने की अपील की.
