फारबिसगंज (अररिया) : प्राथमिक विद्यालय रंगदाहा मुसहरी में प्रधान शिक्षक के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर वृक्षारोपण एवं तिथि भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम सरस्वती समाज सेवा समिति, शंकरपुर के तत्वावधान एवं शुभायतनम बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से प्राथमिक विद्यालय रंगदाहा मुसहरी और प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला खैरखां, वार्ड संख्या-01 के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया.
वृक्षारोपण के तहत विद्यालय परिसर में दो आम, दो लीची, दो अशोक, एक आंवला, एक नीम तथा एक अर्जुन का पौधा लगाया गया. इस अवसर पर बच्चों और शिक्षकों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिथि भोज में बच्चों एवं अतिथियों के बीच पूड़ी, सब्जी, सलाद, जलेबी और दही का वितरण किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरसी मधुबनी के संचालक देवता कुमार जायसवाल ने की, जबकि मंच संचालन प्रधान शिक्षक निर्मल कुमार सिंह ने किया. कार्यक्रम की व्यवस्था आदिवासी टोला खैरखां के प्रधान शिक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में शिक्षक भवेश कुमार झा, रिंकू कुमारी, नीरज कुमार झा, भानु जायसवाल, शिक्षा सेवक भोला ऋषिदेव एवं राजकिशोर रजक ने संभाली.
समिति के सचिव मुकेश कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. वहीं शुभायतनम बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग हेड नीरज कुमार राय ने कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताया.
