भरगामा (अररिया) से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट ARARIA NEWS :
महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर वैशाख शुक्ल चतुर्दशी के दिन बुधवार को भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज स्थित महथावा बाजार में धर्मावलंबियों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई. प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया व पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया.”महर्षि मेंही अमर रहे” के लगते रहे जयकारे
सुबह-सुबह ट्रैक्टर व अन्य संसाधन से निकली प्रभात फेरी में श्रद्धालु हाथों में बैनर, झंडे व धार्मिक प्रतीक लिए हुए थे. श्रद्धालुओं ने “सत्संग महिमा”, “महर्षि मेंही अमर रहें” व गुरु महिमा से जुड़े भजन-कीर्तन गाते हुए गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया.प्रभात फेरी सिरसिया हनुमानगंज से प्रारंभ होकर महथावा बाजार, आसपास के टोले-मोहल्लों से गुजरते हुए पुनः सत्संग स्थल पहुंची, जहां सामूहिक प्रार्थना की गई. इस दौरान सत्संग प्रेमियों ने महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज के बताए सत्य, अहिंसा, सदाचार व आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि महर्षि मेंही का जीवन मानवता, आध्यात्मिक चेतना व आत्मज्ञान का संदेश देता है. उनके उपदेश आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं.
गुरु वाणी का किया गया पाठ
प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं ने गुरु वाणी का पाठ करते हुए लोगों से सत्संग, ध्यान व नैतिक जीवन अपनाने की अपील की.जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया व पुष्प वर्षा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय सत्संग समिति के सदस्य, महिला मंडली, युवाओं व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही.आयोजन के अंत में महर्षि मेंही जी के जन्मोत्सव पर विशेष सत्संग, प्रवचन व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.
