पेंशनर भवन तक सड़क नहीं बनने पर फूटा आक्रोश, शीघ्र निर्माण की उठी मांग

फारबिसगंज में बिहार राज्य पेंशनर समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेंशनर भवन तक सड़क निर्माण की धीमी गति पर रोष व्यक्त किया गया. बैठक में आय-व्यय को मंजूरी दी गई और छह नए सदस्यों का स्वागत किया गया.

फारबिसगंज से मो. कलीमउद्दीन की रिपोर्ट

फारबिसगंज. बिहार राज्य पेंशनर समाज की अनुमंडल शाखा फारबिसगंज की आवश्यक बैठक शहर के रेफरल अस्पताल रोड स्थित पेंशनर भवन परिसर में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपसभापति सह मीडिया प्रभारी विद्यानंद पासवान ने की, जबकि संचालन कार्यकारिणी सदस्य रामप्रकाश यादव ने किया.

आय-व्यय विवरण को मिली मंजूरी

बैठक की शुरुआत में सचिव मधुसूदन मंडल ने संस्था का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया. सदस्यों ने चर्चा के बाद सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया.

पेंशनर भवन तक सड़क निर्माण की उठी मांग

बैठक में पेंशनर भवन तक सड़क नहीं बनने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. सदस्यों ने कहा कि नगर परिषद से राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है. बारिश के मौसम में कीचड़युक्त रास्ते के कारण वयोवृद्ध पेंशनरों को भवन तक आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. सदस्यों ने नगर परिषद से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की.

सदस्यता अभियान पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान आयोजित परिचर्चा में प्रमोद कुमार सिंह, अरुण कुमार मिश्र, शोभाचंद साह, प्रो. दिलीप कुमार अग्रवाल और हरीशंकर झा समेत कई सदस्यों ने अपने विचार रखे. सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रमोद कुमार सिंह, रामप्रकाश यादव, सूर्यकांत ठाकुर और अरुण कुमार मिश्र की सराहना की गई.

छह नए सदस्य हुए शामिल

बैठक में छह नए सदस्यों ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की. इनमें अवधेश कुमार सिंह, मनीष कांत चौधरी, विजेंद्र कुमार यादव, दामोदर यादव, रामकुमार सिंह उर्फ अनुज प्रभात और बिनोद कुमार गुप्ता शामिल हैं. सभी नए सदस्यों को फूल-माला पहनाकर सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया.

श्रद्धांजलि और सम्मान

बाल साहित्यकार हेमंत यादव को भी सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सदस्यों का मुंह मीठा कराया. वहीं, ली अकादमी के सेवानिवृत्त शिक्षक जयनारायण साह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. अंत में उपसभापति विद्यानंद पासवान के अध्यक्षीय संबोधन के साथ बैठक संपन्न हुई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kalimuddin araria

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >