बिजली का काम करते समय करंट लगने से मिस्त्री की मौत, परिजनों ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

अररिया में बिजली का काम करते समय करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Araria Electrocution: अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के पलासी पटकना गांव में रविवार को करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान पलासी पटकना पंचायत के किस्मत खवासपुर वार्ड संख्या-15 निवासी रुस्तम के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

बिजली का काम करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रुस्तम बिजली मरम्मत का कार्य कर रहा था. इसी दौरान वह तेज करंट की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए.

बिजली विभाग और कंपनी पर लापरवाही का आरोप

सदर अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. उनका आरोप है कि यह हादसा विभागीय लापरवाही के कारण हुआ. ग्रामीणों ने बताया कि रुस्तम पिछले कई वर्षों से आदित्य इलेक्ट्रिक कंपनी के साथ पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर बिजली का कार्य कर रहा था.

जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे की मांग

Araria Electrocution: घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया अनिसुर रहमान, पूर्व मुखिया शोएब अंसारी और पूर्व मुखिया मुमताज अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए प्रशासन से सरकारी मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

पुलिस ने शुरू की जांच

ताराबाड़ी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है..


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >