अररिया : जिलाधिकारी विनोद दूहन के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' अभियान आम लोगों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है. इस विशेष अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की ब्लड प्रेशर, शुगर, कैंसर और एनीमिया सहित विभिन्न गैर संचारी रोगों की जांच कर रहे हैं.
अभियान का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचाया जा सके. जांच के दौरान जिन लोगों में गंभीर बीमारी के लक्षण मिल रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज शुरू कराया जा रहा है. मरीजों को नि:शुल्क दवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जा रहा है.
स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की आधारशिला : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने प्रेस वार्ता में कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव या स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच नहीं होने के कारण गंभीर बीमारी का शिकार न बने. समय पर जांच और उपचार से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है.
अभियान में अब तक हजारों मरीजों की हुई पहचान
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत अब तक जिले में ब्लड प्रेशर के 5190, शुगर के 4203, एनीमिया के 616, मोतियाबिंद के 369, मुंह के कैंसर के 10, स्तन कैंसर के 10 तथा गर्भाशय कैंसर के 6 मरीजों की पहचान की गई है. सभी मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है और उन्हें नि:शुल्क दवाएं तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सहयोग करने की अपील की.
यह भी पढ़ें : सीमांचल के युवाओं के लिए ठाकुरगंज में कॉलेज और स्पोर्ट्स अकादमी बनाएंगे इमरान प्रतापगढ़ी
